नई दिल्ली। सुपरस्टार क्रिकेटर विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने अपने फैंस को आखिरकार वो 'गुड न्यूज' दे दी है, जिसका उन्हें लंबे समय से इंतजार था। विराट और अनुष्का ने कुछ देर पहले सोशल मीडिया के जरिए बताया है कि वह अगले साल जनवरी में माता-पिता बनने वाले हैं। दोनों ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से अपनी एक तस्वीर शेयर की है।
तस्वीर में दोनों बेहद खुश नजर आ रहे हैं और इसमें अनुष्का का बेबी बंप भी साफ नजर आ रहा है। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को इंडस्ट्री के सबसे प्रमुख पावर कपल में शुमार किया जाता है। दोनों स्टार्स अपनी-अपनी फील्ड में शानदार काम करने के चलते सुर्खियों में रहते हैं।
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के इस खूबसूरत खुलासे के बाद सेलिब्रिटीज़ उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। महज चंद मिनटों में इंस्टाग्राम पर उनकी पोस्ट को लाखों लोग लाइक कर चुके हैं। टीम इंडिया के तमाम खिलाड़ी अपने कप्तान को मुबारकबाद दे रहे हैं, तो वहीं बॉलीवुड जगत की हस्तियां अनुष्का शर्मा को बधाई दे रही हैं और अपना ख्याल रखने को कह रही हैं।
बता दें कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी 11 दिसंबर, 2017 को इटली में हुई थी। शादी के बाद दिल्ली और मुंबई में उन्होंने रिसेप्शन दिया था। इस शादी की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हुए थे और फैंस के बीच ये शादी हफ्तों तक चर्चा में रही थी। विराट और अनुष्का सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और दोनों अक्सर एक-दूसरे के प्रति प्यार का इजहार करते हुए तस्वीरें व वीडियो शेयर करते रहते हैं।
अनुष्का शर्मा के वर्क फ्रंट की बात करें तो उनकी आखिरी फिल्म शाहरुख खान स्टारर जीरो थी। इस फिल्म में कैटरीना कैफ भी नजर आई थीं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। जिसके बाद अनुष्का ने अपना पूरा फोकस फिल्मों व वेब सीरीज प्रोडक्शन पर कर लिया। हाल ही में उनके प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म बुलबुल थी। यह ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी।