खेल
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका: विराट कोहली ने जमाया 7वां दोहरा शतक, ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने
By Deshwani | Publish Date: 11/10/2019 5:05:03 PMपूणे। भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में पहाड़ सा स्कोर बनाने के बाद अपनी पहली पारी घोषित कर दी है। मेजबान टीम ने विराट कोहली के दोहरे और मयंक अग्रवाल के शतक की मदद से पांच विकेट पर 601 रन बनाए हैं। विराट कोहली ने टेस्ट करियर का सातवां दोहरा शतक लगाया और 254 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है।
शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच को अपने नाम कर लिया है। उन्होंने इस मैच में दोहरा शतक बना दिया है। यह विराट कोहली का सातवां दोहरा शतक है, जो भारतीय रिकॉर्ड भी है। वे पहले भारतीय हैं, जिन्होंने सात दोहरे शतक लगाए हैं। दुनिया में सिर्फ तीन खिलाड़ी ही ऐसे हैं, जिन्होंने विराट कोहली से ज्यादा दोहरे शतक जमाए हैं।
विराट कोहली का इस साल का पहला टेस्ट शतक भी है। वे इससे पहले चार टेस्ट मैच खेल चुके थे, लेकिन शतक नहीं लगा सके थे। विराट ने पिछला शतक पिछले साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाया था। इससे पहले विराट ने दोहरा शतक 2017 में लगाया था। उन्होंने तब दिल्ली में श्रीलंका के खिाफ 243 रन की पारी खेली थी।
विराट कोहली दुनिया के सिर्फ छठे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सात या इससे अधिक दोहरे शतक लगाए हैं। सबसे अधिक दोहरे शतक लगाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के डॉन ब्रैडमैन के नाम है। उन्होंने 12 बार 200 रन का आंकड़ा पार किया था। श्रीलंका के कुमार संगकारा 11 और वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा नौ दोहरे शतकों के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। इंग्लैंड के वॉली हैमंड और श्रीलंका के महेला जयवर्धने सात-सात दोहरे शतकों के साथ विराट की बराबर पर हैं।