खेल
शादी की पहली सालगिरह पर बोले विराट, ‘ऐसा लगता है जैसे कल की ही बात हो’
By Deshwani | Publish Date: 11/12/2018 12:52:19 PMएडिलेड। विराट कोहली इस समय एडिलेड में अपनी शादी की पहली सालगिरह मना रहे हैं। विराट की पत्नी अनुष्का भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले ही ऑस्ट्रेलिया पहुंच गई थीं और एडिलेट टेस्ट में विराट कोहली और उनकी टीम को चियर करती दिखाई भी दीं थीं। इस मैच को जीतकर टीम इंडिया ने अपने कप्तान को उनकी शादी की पहली सालगिरह का शानदार तोहफा दिया। विराट ने इस जीत के बाद आज अपने अनोखे, लेकिन चिरपरिचित अंदाज में ही शादी की सालगिरह पर अपनी शादी को याद किया।
विराट ने ट्विटर पर अपनी शादी के समारोह की खूबसूरत तस्वीरें शेयर की। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए विराट ने कहा, “यकीन नहीं होता, एक साल बीत गया है और ऐसा महसूस होता है कि यह कल ही हुआ था। समय वाकई उड़ रहा था। मेरी बेस्ट फ्रेंड और मेरी सोलमेट को सालगिरह की मुबारक, हमेशा के लिए मेरी अनुष्का।”
विराट को उनके फैंस ने भी जमकर बधाई दी। विराट को लिए यह सालगिरह खास खुशियां लेकर आई है जब विराट ने एडिलेड जीत के साथ कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए है। विराट अब एकमात्र ऐसे भारतीय कप्तान हैं जिनकी कप्तानी में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया में किसी सीरीज के पहले मैच में जीती। विराट इस जीत के साथ ही ऐसे पहले एशियाई कप्तान बने, जिन्होंने एक कैलेंडर ईयर में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट मैच में जीत हासिल की। इसी मैच में विराट ने ऑस्ट्रेलिया में अपने टेस्ट करियर के 1000 रन पूरे किए और ऐसा करने वाले वे सबसे तेज भारतीय खिलाड़ी बने और दुनिया के पांचवे नंबर के बल्लेबाज हो गए है।
विराट ने पिछले साल 11 दिसंबर को ही अभिनेत्री अनुष्का शर्मा से शादी की थी। दोनों काफी समय से एक दूसरे को पसंद करते हैं। शादी से पहले टीम इंडिया के कई विदेशी दौरों पर अनुष्का को विराट के साथ देखा जा चुका था। वे विराट को चियर करने कई मैचों में आज भी दर्शक दीर्घा में दिखाई देती हैं।