खेल
सचिन आज हुए 45 वर्ष के,''हैप्पी बर्थडे सचिन'' से गूंजेगा वानखेड़े
By Deshwani | Publish Date: 24/4/2018 4:28:55 PMमुंबई। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर की आज सालगिरह है। वह 45 बरस के हो गए हैं। इस मौके पर दुनिया भर से आज उन्हें बधाईयां मिल रही हैं। आज मुंबई इंडियंस का वानखेड़े में सनराइज़र्स हैदराबाद से मैच है। सचिन मुंबई के मेंटॉर हैं और आज स्टोडियम में पहले की तरह उनकी सालगिरह धूमधाम से मनाई जाएगी। अपने 24 साल के क्रिकेट करियर में तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 34357 रन बनाए। उनके नाम टेस्ट और वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड भी हैं। उन्होंने वनडे में 18426 और टेस्ट में 15921 रन बनाए। 24 अप्रैल 1973 के दिन एक बजे मुंबई में सचिन का जन्म हुआ था। महज 16 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाले मास्टर ब्लास्टर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में अपने नाम कई रिकॉर्ड किए। सचिन ने क्रिकेट के अपने शानदार सफर में कई ऐसे कीर्तिमान रचे कि उन्हें 'क्रिकेट के भगवान' का दर्जा दे दिया गया।
सचिन तेंदुलकर का जन्मदिन भी है और आईपीएल 2018 का खुमार भी लोगों पर छाया हुआ है। आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई और हैदराबाद के बीच मुकाबला होना है। वानखेड़े स्टेडियम सचिन तेंदुलकर का होम ग्राउंड रहा है। ऐसे में इस स्टेडियम पर आज के मैच में सचिन भी मौजूद होंगे, क्योंकि सचिन मुंबई की टीम के मेंटोर भी हैं।
सचिन जब वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद होंगे तो वहां आए दर्शक, खिलाड़ी, कमेंटेटेर और बाकी स्टाफ सभी साथ मिलकर उन्हें जन्मदिन की बधाई भी जरूर देंगे। यानि एक बार फिर से पूरा वानखेड़े स्टेडियम 'हैप्पी बर्थडे सचिन' से गूंज उठेगा।