खेल
ओसाका ने रूस की डारिया कसात्किना को हरा बनी इंडियन वेल्स की युवा चैम्पियन
By Deshwani | Publish Date: 20/3/2018 11:11:01 AMइंडियन वेल्स। विश्व नम्बर वन सिमोना हालेप और मारिया शारापोवा जैसी दिग्गज खिलाडिय़ों को हराने वाली जापान की नाओमी ओसाका ने फाइनल में रूस की डारिया कसात्किना को हराकर इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट के रूप में कॅरियर का पहला खिताब अपने नाम कर लिया है। ओसाका ने खिताबी मुकाबले में डारिया को 6-3, 6-2 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही 20 साल की ओसाका इंडियन वेल्स में 10 साल बाद सबसे युवा चैंपियन बनी हैं। उनसे पहले एना इवानोविच यहां सबसे युवा चैम्पियन बनी थीं।
ओसाका के लिए विशेष बात यह है कि उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में केवल एक ही सेट गंवाया और आसान जीत के साथ खिताब अपने नाम किया। उन्होंने मात्र 70 मिनट में खिताब अपने नाम कर लिया। ओसाका ने पहले सेट में 3-3 के स्कोर के बाद लगातार पांच गेम जीते। इसके बाद बाद दूसरे सेट में 5-2 के स्कोर पर कसात्किना के खिलाफ बैकहैंड विनर के साथ सेट और मैच अपने नाम किया। जापानी खिलाड़ी ओसाका ने जीत के बाद कहा यदि आप बहुत मेहनत करती हैं तो जीत सकती हैं। यदि आपको खुद में विश्वास हो तो जीतना आसान होता है।