खेल
अंडर-19 विश्व कप : भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने रखा 329 रनों का लक्ष्य
By Deshwani | Publish Date: 14/1/2018 1:30:21 PMवेलिंगटन (हि.स.)। आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के अपने पहले मैच में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 329 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत ने कप्तान पृथ्वी शॉ (94) और मनजोत कालरा (86) के बेहतरीन पारियों की बदौलत सात विकेट पर 328 रन बनाए।
इससे पहले भारतीय टीम ने टॉस जीतकर इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कप्तान पृत्वी शॉ और मनजोत कालरा ने भारतीय टीम को मजबूत शुरूआत दिलाई। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 180 रनों की साझेदारी की। इसके साथ ही शॉ और कालरा ने अंडर-19 विश्व कप में पहले विकेट के लिए शिखर धवन और रॉबिन उथप्पा द्वारा 174 रनों के साझेदारी के रिकार्ड को भी तोड़ दिया।
शॉ केवल 6 रनों से अपने शतक से चूक गए और 94 रन बनाकर सदरलैंड की गेंद पर विकेटकीपर होल्ट को कैच दे बैठे। इसके बाद कालरा भी 86 रन बनाकर 200 के कुल स्कोर पर परम उप्पल की गेंद पर कप्तान जेसन सांगा को कैच देकर आउट हुए। इसके बाद शुभम गिल के 63 और अभिषेक शर्मा के 8 गेंदों पर तेजी से बनाए गए 23 रनों की बदौलत भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट पर 328 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।