खेल
पांड्या का नाबाद शतक, लंच तक भारत ने बनाए 9 विकेट पर 487 रन
By Deshwani | Publish Date: 13/8/2017 2:01:49 PM पल्लेकल, (हि.स.)। श्रीलंका के खिलाफ आखिरी टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को लंच तक हार्दिक पांड्या के रिकॉर्ड नाबाद शतक की बदौलत भारत ने 9 विकेट के नुकसान पर 487 रन बना लिये हैं। हार्दिक 108 रन और उमेश यादव 3 रन बनाकर नाबाद हैं। भारतीय टीम ने आज सुबह 6 विकेट के नुकसान पर 329 रन से आगे खेलना शुरू किया। आज सबसे पहले ऋद्धिमान शाहा आउट हुए। साहा अपने कल के व्यक्तिगत स्कोर में मात्र 3 रन जोड़कर 339 के कुल स्कोर पर 16 रन बनाकर फर्नांडो की गेंद पर परेरा को कैच देकर पवेलियन लौट गये। इसके बाद पांड्या ने कुलदीप यादव के साथ मिलकर स्कोर को 400 के पार पहुंचाया। 401 के कुल स्कोर पर कुलदीप 26 रन बनाकर संदकन के शिकार बनाये। कुलदीप और पांड्या के बीच 62 रनों की साझेदारी हुई। मो. शमी 9वें विकेट के रूप में आउट हुए। 421 के कुल स्कोर पर वह 8 रन बनाकर संदकन की गेंद पर आउट हुए।
इससे पहले सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के शानदार शतक (119) और केएल राहुल के बेहतरीन अर्धशतक (85) की बदौलत मजबूत शुरुआत मिलने के बावजूद श्रीलंका के खिलाफ आखिरी टेस्ट के पहले दिन भारतीय पारी लड़खड़ा गई थी। दिन का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 329 रन बनाये थे।
धवन-राहुल ने पहले विकेट के लिए 188 रनों की साझेदारी की। 188 के स्कोर पर राहुल को पुष्पकुमारा ने करूणारत्ने के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। राहुल ने 85 रन बनाये। 219 के कुल स्कोर पर धवन को पुष्पकुमारा ने चांदीमल के हाथों कैच कराकर भारत को दूसरा झटका दिया। चेतेश्वर पुजारा कुछ खास नहीं कर सके और 8 रन बनाकर लक्ष्मण संदकन की गेंद पर मैथ्यूज को कैच दे बैठे। अजिंक्या रहाणे 264 के कुल स्कोर पर चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। रहाणे को पुष्पकुमारा ने बोल्ड किया। रहाणे ने 17 रन बनाये। कप्तान विराट कोहली 296 के कुल स्कोर पर पांचवें विकेट के रूप में आउट हुए। कोहली को संदकन ने करूणारत्ने के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। छठें विकेट के रूप में आर अश्विन आउट हुए। अश्विन 31 रन बनाकर 322 के कुल स्कोर पर फर्नांडो की गेंद पर डिकवेला को कैच देकर पवेलियन लौटे। श्रीलंका की तरफ से मलिन्डा पुष्पककुमारा ने 3, लक्ष्मण संदकन ने 4 और विश्वा फर्नांडो ने 2 विकेट लिया।
एक मैच का प्रतिबंध झेल रहे रविंद्र जडेजा की जगह कुलदीप यादव को भारतीय टीम में मौका दिया गया है। वहीं, श्रीलंका के अनुभवी लेफ्ट आर्म स्पिनर रंगना हेरात को भारत के खिलाफ तीसरे और अंतिम पल्लीकल टेस्ट में आराम दिया गया है। हैरात से साथ एक अन्य चोटिल खिलाड़ी नुवान प्रदीप की जगह अब दो नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है। श्रीलंकाई टीम में लक्षन संदाकन, लहिरु कुमारा और विश्व फरनांडो की टीम में जगह दी गई है।