राज्य
कश्मीर घाटी और जम्मू क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त
By Deshwani | Publish Date: 13/1/2020 12:10:41 PMनई दिल्ली। कश्मीर घाटी और जम्मू क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में ताजा हिमपात से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बर्फबारी के कारण श्रीनगर हवाई अड्डे पर उड़ाने बाधित हुई हैं। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग कल रात जवाहर सुरंग पर भारी बर्फबारी के कारण बंद रहा। इससे सैकड़ों वाहन फंस गए।
राष्ट्रीय राजमार्ग जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जे.एस. जौहर ने बताया कि जवाहर सुरंग इलाके में भारी हिमपात और सड़कों पर फिसलन होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग शाम को लगभग आठ बजे बंद कर दिया गया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर रवाना होने से पहले वे निकट की यातायात इकाइयों से सड़क की स्थिति की जानकारी कर लें।
कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में कल हल्की से भारी वर्षा और बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई जबकि घाटी के पहाड़ी क्षेत्रों, जम्मू और लद्दाख में भारी हिमपात हुआ। मौसम विभाग ने आज पूरी कश्मीर घाटी में बड़े पैमाने पर बर्फबारी होने का अनुमान व्यक्त किया है।