राज्य
कुशीनगर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ प्रह्लाद प्रजापति को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
By Deshwani | Publish Date: 16/8/2019 4:17:00 PMकुशीनगर। अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन की 77वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिले के फाजिलनगर ब्लाक के बनकटा बाजार निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ प्रह्लाद प्रजापति को राष्ट्रपति ने सम्मानित किया है। सम्मानित होने के बाद गुरुवार को जब वह गांव लौटे तो क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। इससे पहले भी उन्हें पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, प्रणव मुखर्जी भी सम्मानित कर चुके हैं।
जिले के फाजिलनगर ब्लाक के बनकटा बाजार निवासी डॉ प्रह्लाद प्रजापति अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन का हिस्सा बने थे। आंदोलन की 77वीं वर्षगांठ पर नौ अगस्त को दिल्ली के राष्ट्रपति भवन के हाल में आयोजित सम्मान समारोह में देश के 50 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पहुंचे थे। इसमें डॉ प्रह्लाद प्रजापति भी शामिल थे, जिन्हें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने तिरंगा का स्मृति चिह्न व अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मौजूद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अभिवादन किया। इसके पूर्व भी डॉ प्रजापति को पूर्व राष्ट्रपति डा. कलाम व प्रणव मुखर्जी सम्मानित कर चुके हैं। बुधवार को डॉ प्रजापति अपने गांव पहुंचे तो क्षेत्र के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।