राज्य
कुशीनगर में जलाभिषेक करने के लिए जल भरने गया युवक डूबा
By Deshwani | Publish Date: 22/7/2019 10:01:20 PMकुशीनगर। भानु तिवारी। जिले के सेवरही थाना क्षेत्र के पिरोजहां गांव के पास बड़ी गंडक नदी में सोमवार की सुबह एक हादसा हो गया। सावन के पहले सोमवार को शिवालय में जलाभिषेक करने के लिए गांव के लोगों के साथ नदी में जल भरने गया एक किशोर गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। घंटों तलाश के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चल सका था।
पिरोजहां गांव निवासी मुन्ना तिवारी का 17 वर्षीय बेटा दीप्लेश तिवारी सोमवार की सुबह जलाभिषेक के लिए बड़ी गंडक नदी से जल भरने पहुंचा। इस दौरान गांव के गए लोगों के साथ वह नदी में नहाने लगा। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में डूबने लगा। जब तक लोग उसे बचा पाते, तब तक वह पानी में डूबकर लापता हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ उसकी तलाश शुरू करा दी है। घंटों बाद तक दीप्लेश का पता नहीं चल सका था।