राज्य
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी को किया भंग
By Deshwani | Publish Date: 19/6/2019 2:56:25 PMबेंगलुरु । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भंग कर दिया है। कर्नाटक में जारी सियासी संग्राम के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बड़ी कार्रवाई की है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आज पत्र जारी कर कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी को तत्काल भंग कर दिया है। जारी पत्र में कहा गया है कि कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं कार्यकारी अध्यक्ष अपने पदों पर बने रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि कर्नाटक के कद्दावर नेता एवं कांग्रेस विधायक रोशन बेग को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में मंगलवार को निलंबित किया गया था।
ज्ञात हो कि लोकसभा 2019 चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद लचर रहा। राज्य की 28 लोकसभा सीटों में से बीजेपी ने 25 पर जीत हासिल की। वहीं कांग्रेस और जेडीएस को 1-1 सीटों से संतोष करना पड़ा। एक सीट निर्दलीय के हिस्से में गई। दरअसल कर्नाटक कांग्रेस में विरोध के सुर चुनाव के नतीजे आने से पहले ही उठने लगे थे।