नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आज हुई तेज बारिश ने शहरवासियों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई है। बारिश होने की वजह से दिल्ली में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे यहां मौसम सुहाना हो गया। मंगलवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश देखने को मिली। दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री कम दर्ज हुआ है।
स्थानीय मौसम विभाग के सफदरजंग वेधशाला के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी 68 फीसदी दर्ज की गई। दिन के समय हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं दिन में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
सफदरजंग वेधशाला के अनुसार पिछले 24 घंटे में मंगलवार सुबह सबसे अधिक वर्षा आया नगर में 9.4, पालम में 3.8 और सफदरजंग में 10.6 मिलीमीटर दर्ज की गई।
निजी फोरकास्टर स्काईमेट वेदर ने कहा कि एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर के पूर्वी भागों पर स्थित है और एक चक्रवाती परिसंचरण हरियाणा और इसके आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। अरब सागर से आने वाली आर्द्र हवाएं दिल्ली-एनसीआर सहित भारत के उत्तरी मैदानों में नमी को बढ़ा रही हैं। इन सिस्टमों के प्रभाव के कारण 19 जून तक नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, दिल्ली और गाज़ियाबाद के इलाकों में तेज़ हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश की होने की संभावना है।
स्काईमेट ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून के आने तक दिल्ली-एनसीआर के क्षेत्र में प्री-मॉनसून बारिश होती रहेगी चूंकि मॉनसून का आगमन इस साल देरी से हुआ है। जिसकी वजह से राजधानी दिल्ली में मानसून का आगमन जुलाई के पहले हफ्ते तक होने की उम्मीद हैं।