राज्य
केजरीवाल ने कहा- सोचा था दिल्ली की सातों लोकसभा सीट जीत लेंगे, लेकिन आखिरी वक्त में........
By Deshwani | Publish Date: 18/5/2019 1:13:04 PMनई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के 7वें और अंतिम चरण के लिए प्रचार अभियान थम गया है। मतदान 19 मई को होगा। वहीं सभी चरणों के नतीजे 23 मई को आएंगे, लेकिन उससे पहले ही सीटों को लेकर हर तरफ अनुमानों का दौर शुरू हो गया है।
इसी कड़ी में दिल्ली मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा कि आखिरी वक्त पर आम आदमी पार्टी का सारा वोट कांग्रेस को शिफ्ट हो गया। जब उनसे पूछा गया कि उनकी पार्टी को दिल्ली में कितनी सीटों पर जीत मिलेगी? तो उन्होंने कहा, 'देखिए क्या होता है। दरअसल चुनाव के 48 घंटे पहले तक हमें लग रहा था कि सातों सीट पर आम आदमी पार्टी को जीत मिलेगी, लेकिन आखिरी लम्हों पर सारा का सारा वोट कांग्रेस को चला गया। ये सब चुनाव से एक दिन पहले हुआ। हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिए ऐसा क्यों हुआ। यहां 12-13 फीसदी वोट मुसलमानों के हैं।'
भाजपा के दोबारा सत्ता में आने के सवाल पर केजरीवाल बोले, अगर ईवीएम से छेड़छाड़ नहीं हुई तो मोदी जी की वापसी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र में मोदी और अमित शाह के बिना सरकार बनती है तो वो समर्थन देने को तैयार हैं, लेकिन दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के वादे पर ही वो सरकार में शामिल होंगे।