राज्य
चुनाव प्रचार पर रोक के बीच वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
By Deshwani | Publish Date: 18/4/2019 2:55:14 PMवाराणसी। चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर 72 घंटे का लगे प्रचार प्रतिबंध के अन्तिम दिन आज प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचे। शहर में आने के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले श्री संकटमोचन दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर में विधि विधान से परिक्रमा के बाद संकटमोचन दरबार का पूजन अर्चन किया। मंदिर परिसर में आने पर मंदिर के महन्त और पुजारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इसके पूर्व मुख्यमंत्री का उड़नखटोला देवीपाटन से सीधे बीएचयू हेलीपैड पर उतरा। यहां से मुख्यमंत्री वाहनों के काफिले में सीधे संकटमोचन मंदिर पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा कारणों से मंदिर जाने वाले मार्ग पर आम जन को आने जाने से रोक दिया गया। मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री गढ़वाघाट आश्रम भी जाएंगे। यहां से लौटने पर बाबा विश्वनाथ कालभैरव मंदिर में दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री रामकृष्ण मिशन जाएंगे, जहां पर उन्हें दिव्यांग बच्चों से मुलाकात करनी है।
इसके बाद मुख्यमंत्री 25 को पीएम मोदी के वाराणसी में होने वाले रोड शो और 26 को नामांकन की तैयारियों के बाबत संगठनात्मक समीक्षा बैठक करेंगे। पदाधिकारियों संग होने वाली इस अहम बैठक में नामांकन के दौरान मोदी के प्रस्तावकों के नामों पर भी विचार होगा।