राज्य
पंजाब के ‘आप’ विधायक बलदेव सिंह ने पार्टी से दिया इस्तीफा
By Deshwani | Publish Date: 16/1/2019 12:06:06 PMचंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) के एक और विधायक ने इस्तीफा दे दिया है। पंजाब के जैतो विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक मास्टर बलदेव सिंह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को भेज दिया है।
आम आदमी पार्टी के बागी विधायक सुखपाल सिंह खैहरा द्वारा पार्टी से इस्तीफा देने के बाद यह माना जा रहा था कि उनके करीबी मास्टर बलदेव सिंह भी पार्टी से इस्तीफा दे सकते हैं। बुधवार को मास्टर बलदेव सिंह ने अपना इस्तीफा दिल्ली भेज दिया है। अपने त्यागपत्र का कारण विधायक ने आम आदमी पार्टी पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया है।
पत्रकारों से बातचीत में विधायक बलदेव सिंह ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी दलितों का झूठा पत्ता खेल रही है। पार्टी का पंजाब प्रधान का पद खाली है, पर किसी दलित को अध्यक्ष नहीं बनाया जा रहा, न ही पार्टी ने किसी दलित को राज्यसभा में भेजा है। यहां तक कि जोन व जिला प्रधानों में भी एक भी दलित शामिल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि वह पंजाबी एकता पार्टी में शामिल होंगे।
आम आदमी पार्टी से एचएस फूलका, सुखपाल सिंह खैरा और मास्टर बलदेव सिंह त्यागपत्र दे चुके हैं. फूलका ने पार्टी के साथ-साथ विधानसभा की सदस्यता से भी त्यागपत्र दिया था, जो अभी तक स्वीकृत नहीं हुआ। सुखपाल सिंह खैरा और बलदेव सिंह ने पार्टी से त्यागपत्र दिया है, परंतु उन्होंने विधानसभा की सदस्यता अपने पास ही रखी है।