कमलनाथ हो सकते हैं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री, सिंधिया होंगे उप मुख्यमंत्री, राहुल लेंगे आज निर्णय
नई दिल्ली/भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव नतीजे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला अभी नहीं हो पाया है। सूत्रों के मुताबिक बुधवार को विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम के लिए कमलनाथ का नाम सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया है।
हालांकि विधायक दल ने राज्य के मुख्यमंत्री के नाम का तय करने का फैसला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर छोड़ दिया है। इसके लिए राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के नेताओं के साथ अहम बैठक दिल्ली में करेंगे। इस बैठक में कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई नेता शामिल होंगे।
इस बैठक में मंत्रिमंडल के नामों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। बैठक में मुख्यमंत्री का नाम तय होने के बाद शपथ ग्रहण का समय भी तय हो जाएगा।
इससे पहले बुधवार दोपहर को कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्विजय सिंह, अरुण यादव और विवेक तन्खा ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से राजभवन में मुलाकात की और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर कमलनाथ ने राज्यपाल को सौंपे अपने पत्र में कहा, ‘‘विधानसभा चुनावों में कांग्रेस प्रदेश में सबसे बड़े दल के तौर पर सामने आई है और कांग्रेस को बहुमत हासिल है। बसपा, सपा और निर्दलीय विधायकों ने भी कांग्रेस के प्रति समर्थन व्यक्त किया है।’’
उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि कांग्रेस को प्रदेश में सरकार बनाने का अवसर दिया जाए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने राजभवन के बाहर बताया, ‘‘प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय के समर्थन से कांग्रेस के पास समर्थन का कुल आंकड़ा 121 विधायकों का है।’’