राज्य
राजस्थान में मतदान के दौरान कई जगह हुई हिंसा, वाहन भी फूंके
By Deshwani | Publish Date: 7/12/2018 4:00:11 PMजयपुर। राजस्थान की 199 विधानसभा सीटों के लिए आज हो रहे मतदान में छिटपुट हिंसा भी सामने आई है। यहां के सीकर फतेहपुर में मतदान के दौरान दो गुटों में संघर्ष हो गया। इसके बाद लोगों ने बसों में तोड़फोड़ की। साथ ही कुछ वाहनों में आग भी लगा दी। यह घटना सीकर फतेहपुर सुभाष सुभाष स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र पर हुई। हालांकि पुलिस ने इन लोगों पर काबू पाया। साथ ही 30 मिनट बाद वोटिंग शुरू हो सकी।
भरतपुर क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशी और वर्तमान विधायक अनीता सिंह के गनर के साथ मारपीट की भी घटना सामने आई है। साथ ही उससे रिवॉल्वर भी छीनने का प्रयास हुआ है। यह घटना रसिया क्षेत्र के बूथ संख्या 136 में हुई। जिस समय यह घटना हुई उस समय बूथ पर अनीता सिंह भी मौजूद थीं।
तीसरी घटना भरतपुर के नगर क्षेत्र में हुई। यहां भी मतदाताओं के साथ मारपीट हुई है। यहां एक प्रत्याशी के समर्थकों ने मतदाताओं ने मारपीट की है। ये समर्थक जबरन वोट डालने के लिए कह रहे थे। समाजवादी पार्टी के समर्थकों ने चाकूबाजी भी की है। चाकूबाजी की इस घटना में 3 लोग घायल हुए हैं। घायलों को राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं राजस्थान के अहोर के बूथ संख्या 253 और 254 में भी मतदाताओं के बीच धक्कामुक्की की घटना सामने आई है।
राजस्थान की 199 विधानसभा सीटों के लिए आज 8 बजे से मतदान जारी है। इस बार 2,274 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में 20 लाख से अधिक मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। राजस्थान की 199 सीटों पर दोपहर 1 बजे तक 41.53 फीसदी मतदान हुआ है।