राज्य
सुकमा में पुलिस मुठभेड़ में नक्सली ढेर, दो नक्सली मौके से भागने में कामयाब
By Deshwani | Publish Date: 12/10/2018 4:21:42 PMरायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में देर शाम पुलिस ने तुलसी पहाड़ी पर हुई मुठभेड़ में एक वर्दीधारी नक्सली को मार गिराया। मारे गए नक्सली का शव बरामद कर लिया गया है। उसकी शिनाख्त मिलीशिया डिप्टी कमांडर कवासी देवा के रूप में हुई है।
बस्तर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विवेकानंद सिन्हा ने यह जानकारी देते हुए आज बताया कि गुरुवार सुबह गश्त के दौरान सुकमा के कांगेर एरिया कमेटी की स्मॉल एक्शन टीम पहाड़ी पर चढ़कर चांदामेटा की तरफ जा रही थी। इस दौरान नक्सलियों की नजर पुलिस पर पड़ी। नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने मोर्चा सम्भालते हुए मुंहतोड़ जवाब दिया।
इस मुठभेड़ में एक नक्सली की मौत हो गई, जिसकी शिनाख्त मिलीशिया डिप्टी कमांडर कवासी देवा के रूप मे हुई है। जबकि लक्ष्मण और पंडा नाम के दो नक्सली मौके से भागने में सफल हो गए। मारे गए नक्सली के कब्जे से एक बंदूक और विस्फोटक बनाने का सामान बरामद किया गया है। उसके पास से तोंगपाल का एक नक्शा भी जब्त किया गया है।