भोपाल। खुद को 'शिवभक्त' कहने वाले राहुल गांधी ने हाल में कैलाश मानसरोवर की यात्रा की है। अब मध्य प्रदेश में अगले तीन महीने के भीतर होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर 17 सितंबर को वह भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने जा रहे हैं। राजधानी भोपाल में राहुल गांधी के स्वागत में जो पोस्टर लगे हैं, उनमें राहुल गांधी को 'शिवभक्त' बताया गया है।
इस पर भाजपा ने कटाक्ष करते हुए कहा है, ''समय-समय पर राहुल गांधी अलग-अलग रूप अपनाते रहते हैं। वह कभी कभी टोपी लगाते हैं, कभी जनेऊ धारी हो जाते हैं, कभी 'शिवभक्त' हो जाते है।''
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस साल के अंत में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 17 सितंबर को भोपाल में रोड शो करेंगे। करीब 12 किलोमीटर रोड शो करने के बाद वह पार्टी के करीब 1,5000 कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे इस संदर्भ में मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने बताया, ‘‘राहुल गांधी 17 सितंबर को भोपाल आएंगे।
उन्होंने कहा, लालघाटी सर्कल से बस से रोड शो करेंगे, जो कलेक्टर रोड, रॉयल मार्केट ब्रिज, पीर गेट, वीआईपी रोड सर्कल, पॉलिटेक्निक चौराहा, रोशनपुरा सर्कल, अपेक्स बैंक सर्कल, बोर्ड ऑफिस सर्कल एवं कस्तूरबा नगर सर्कल के रास्ते भेल दशहरा मैदान होते हुए गुजरेगा।’’ इस दौरान उनके लिए सात जगहों पर स्वागत केंद्र बने होंगे, जहां कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।
भेल दशहरा मैदान पहुंचने पर वह वहां पार्टी कार्यकर्ताओं से डेढ़ घंटे संवाद करेंगे। इस संवाद में कांग्रेस के करीब 1,5000 कार्यकर्ता भाग लेंगे, जिनमें ब्लॉक, जिला एवं प्रदेश स्तर के कार्यकर्ता, पार्षद एवं पार्टी के बड़े नेता मौजूद रहेंगे।