राज्य
मोदी की रैली में जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, दर्जनों घायल
By Deshwani | Publish Date: 21/7/2018 4:12:02 PM बरेली। आज शाहजहांपुर में प्रधानमंत्री मोदी की किसान कल्याण रैली में शामिल होने जा रही भाजपा समर्थक लोगों से भरी बस बरेली में दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। दरअसल, शाहजहांपुर की ओर जा रही ये बस बरेली में अनियंत्रित होकर एक मकान में जा घुसी। यह घटना आंवला भमोरा रोड के गांव मोहम्मद पुर पथरा में हुई है। इस हादसे में बस में मौजूद दर्जन भर भाजपाई घायल हुए हैं। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल मौके पर अालाधिकारी पहुंच गए हैं। दुर्घटना के बारे में जांच की जा रही है।
दरअसल यूपी के शाहजहांपुर में आज पीएम मोदी की किसान कल्याण रैली थी। इसमें हिस्सा लेने के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं से भड़ी एक बस जैसे ही बरेली की आंवला भमोरा रोड स्थित मोहम्मद पुर पथरा गांव में पहुंची तो अनियंत्रित हो गई। फिर देखते ही देखते दीवार को तोड़ते हुए एक घर में जा घुसी। यात्रियों की चीख-पुकार सुनने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। कहा जा रहा है कि इस दुर्घटना में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली में यह कोई पहली दुर्घटना नहीं है। इसी हफ्ते सोमवार को पश्चिम बंगाल में एक किसान रैली के दौरान भी एक दुर्घटना में कई लोग घायल हो गए थे। तब पीए मोदी के भाषण के दौरान पंडाल ही भीड़ पर गिर गया था। इसमें 24 लोग घायल हो गए थे। सभी घायलों को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। प्रधानमंत्री खुद घायलों से मिलने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। तब एक घायल महिला ने मोदी का अॉटोग्राफ भी लिया था। वहीं दो हफ्ते पहले जयपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक रैली थी। इस दौरान रैली में शामिल होने के लिए जैसलमेर से लाभार्थियों को लेकर जा रही एक बस गैंगवार का शिकार हो गई थी। बस जैसे ही जोधपुर के पास पहुंची तो बदमाशों के बीच हो रही फायरिंग की चपेट में आ गई। इसमें बस में सवार तीन लाभार्थी घायल हो गए थे।