राष्ट्रीय
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की
By Deshwani | Publish Date: 10/3/2023 11:16:45 PM
दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री और उनके साथ प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के मित्रवत संबंध हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक भागीदारी ने द्विपक्षीय संबंधों को बल दिया है। उन्होंने भरोसा जताया कि ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री की यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को नई उंचाईयों पर पहुंचायेगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा सहयोग और संस्थागत संबंधों में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को खनिज, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा, साइबर कूटनीति तथा नवाचार जैसे उभरते महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग जारी रखना चाहिए। राष्ट्रपति ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय उद्यमशीलता के कौशल के साथ कड़े परिश्रम और शांतिप्रियता के लिए जाना जाता है। उन्होंने भरोसा जताया कि ऑस्ट्रेलिया सरकार अपने देश में भारतीय समुदाय को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करायेगी।