राष्ट्रीय
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ब्राजील के राष्ट्रपति जाइर मेसियस बोल्सोनारो के साथ आज नई दिल्ली में करेंगे वार्ता
By Deshwani | Publish Date: 25/1/2020 12:25:00 PMनई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ब्राजील के राष्ट्रपति जाइर मेसियस बोल्सोनारो के साथ आज नई दिल्ली में वार्ता करेंगे। दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए जाएंगे। श्री बोल्सोनारो कल गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज उनके सम्मान में भोज का आयोजन कर रहे हैं।
श्री बोल्सोनारो की इस यात्रा से भारत और ब्राज़ील के बीच दि्वपक्षीय संबंध और मज़बूत होंगे। अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति बोल्सोनारो भारत-ब्राज़ील व्यापार मंच में भारत और ब्राज़ील के व्यापारिक नेताओं को संबोधित करेंगे। भारत ने ब्राज़ील में छह बिलियन डॉलर का निवेश किया है जबकि भारत में ब्राज़ील का निवेश लगभग एक बिलियन डॉलर है। ब्राज़ील ने ऑटोमोबाइल, आई.टी., खनन, ऊर्जा और जैव ईंधन क्षेत्रों में निवेश किया है जबकि भारत का निवेश आई.टी., दवा, ऊर्जा, कृषि व्यवसाय, खनन और इंजीनियरिंग क्षेत्रों में है।
ब्राजील के राष्ट्रपति चार दिन की भारत यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे। विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरण ने पालम के वायुसेना स्टेशन पर श्री बोल्सोनारो की अगवानी की। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट संदेश में श्री बोल्सोनारो का स्वागत करते हुए कहा है कि राष्ट्र गणतंत्र दिवस समारोह में उनकी उपस्थिति की प्रतीक्षा कर रहा है। श्री मोदी ने कहा कि श्री बोल्सोनारो की भारत यात्रा से दोनों देशों के संबंधों में मजबूती आएगी।