राष्ट्रीय
126 वां संविधान संशोधन विधेयक 2019 को लोकसभा ने किया पारित
By Deshwani | Publish Date: 11/12/2019 1:15:23 PMनई दिल्ली। लोकसभा ने कल सभी दलों के समर्थन से 126वां संविधान संशोधन विधेयक 2019 पारित कर दिया। मत विभाजन के दौरान सदन में मौजूद सभी 355 सदस्यों ने विधेयक के पक्ष में मतदान किया। इस विधेयक में अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में और दस वर्ष तक सीटों का आरक्षण बढ़ाने का प्रावधान है। यह आरक्षण अगले वर्ष 25 जनवरी तक के लिए था। संशोधन विधेयक में इसे 25 जनवरी, 2030 तक बढ़ाए जाने की व्यवस्था की गई है।
विधि और न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सदन में चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि वंचित समुदायों को राजनीतिक आरक्षण दिए जाने से उनके बीच नेतृत्व की एक नई पीढ़ी आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अनुसूचति जातियों और अनुसूचित जनजातियों में क्रीमी लेयर पर किसी तरह की चर्चा शुरु कराने की कोई जरूरत नहीं है। निजी क्षेत्र में आरक्षण के मुद्दे पर श्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इसके बारे में निजी उद्योगों को संवेदनशील बनाया जा रहा है। उन्होंने ये भी कहा कि उच्च न्यायपालिका में वंचित वर्गों का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए सरकार उच्चतम न्यायालय के साथ विचार विमर्श कर रही है ताकि सर्वाधिक प्रतिभावान सदस्य राष्ट्र को अपनी सेवाएं दे सकें।