झारखंड
झारखंड विधानसभा चुनाव: जमीनी जंग को धार देने में जुटी भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी-शाह, नड्डा-गडकरी की होगी रैली
By Deshwani | Publish Date: 19/11/2019 1:09:26 PMरांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार की सरगर्मी बढ़ने लगी है। पहले और दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा जमीनी जंग को धार देने में जुट गई है। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत तमाम नेताओं की जनसभाओं के जरिए पार्टी माहौल बनाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 नवंबर को पलामू के साथ-साथ गुमला में भी जनसभा होगी। पीएम 11 बजे पलामू में और एक बजे गुमला में जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 21 नवंबर को 11 बजे मनिका में और 12 बजे लोहरदगा में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा 22 नवंबर को 11 बजे लातेहार में जनसभा को संबोधित करेंगे। नड्डा दोपहर एक बजे पलामू विधानसभा में कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 22 नवंबर को ही 12 बजे विश्रामपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम चार बजे वे रांची में मीडिया से मुखातिब होंगे। बताया जा रहा है कि इसी दिन भाजपा का घोषणापत्र भी जारी हो सकता है।