राष्ट्रीय
कश्मीर देश का आंतरिक मुद्दा, इसे अंतरराष्ट्रीय क्यों बना रही है कांग्रेस: राजनाथ सिंह
By Deshwani | Publish Date: 17/10/2019 4:59:48 PMचंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज भिवानी और महेंद्रगढ़ में जनसभा को संबोधित किया और कांग्रेस पर निशाना साधा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कश्मीर को देश का आतंरिक मुद्दा बताते हुए कांग्रेस को इसका अंतरराष्ट्रीयकरण न करने की नसीहत दी। रक्षा मंत्री ने कहा भाजपा ने अनुच्छेद-370 को खत्म करके कश्मीर में मानवाधिकारों का हनन रोका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता विदेश में जाकर कश्मीर मामले में मानवाधिकार हनन का आरोप लगाते हैं, जबकि सच्चाई तो यह है कि पहले मानवाधिकारों का हनन होता था, अब नहीं। यही नहीं भाजपा ने ऐसी कोई किसी भी मर्यादा का उल्लंघन नहीं किया है, जिससे देश व लोकतंत्र टूटता हो। अनुच्छेद-370 को समाप्त करके देश को एकता व अखंडता में बांधने का काम किया गया है।
रक्षा मंत्री ने राफेल की पूजा करने एवं ओम लिखने पर कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए राफेल जरूरी है। जिसे खरीदने के लिए कांग्रेस 16 साल से फैसला नहीं ले पाई, उसे मोदी सरकार ने चंद दिनों में करके दिखाया। रक्षा मंत्री ने राफेल मिलने को सैन्य ताकत की मजबूती बताते हुए कहा कि यदि हमारे पास पहले राफेल होता तो पुलवामा हमले का बदला लेने के लिए पाकिस्तान में जाने की जरूरत नहीं पड़ती। आज देश की सैन्य ताकत मजबूत हो रही है और यही कारण है कि पड़ोसी देश भारत की ओर आंख उठाने की हिमाकत नहीं कर पा रहे हैं।