राष्ट्रीय
पाकिस्तान ने पुंछ में फिर की गोलाबारी, मोर्टार शैल भी दागे, सुरक्षा बलों ने दिया मुंहतोड़ जवाब
By Deshwani | Publish Date: 14/10/2019 2:13:13 PMपुंछ। पाकिस्तानी सेना अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रही है। आज सुबह भी पुंछ जिले के केरनी सेक्टर में करीब तीन से चार बजे के बीच संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। इस दौरान भारी गोलाबारी की गई तथा मोर्टार शैल भी दागे। भारतीय जवान भी पाकिस्तान की इस गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
पाकिस्तानी सेना ने सुबह पुंछ जिले के केरनी सेक्टर की नियत्रंण रेखा पर स्थित भारतीय चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए भारी गोलीबारी की। भारतीय जवान भी पाक की इस गोलीबारी का करारा जवाब दे रहे हैं। फिलहाल इस गोलीबारी में जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। समाचार लिखे जाने तक दोनों ओर से रूक-रूक कर गोलीबारी जारी थी।
शनिवार को बारामुला जिले के उड़ी सेक्टर की नियत्रंण रेखा पर पाकिस्तानी गोलाबारी में एक जवान शहीद हो गया था। पाकिस्तानी सेना जम्मू-कश्मीर की नियत्रंण रेखा तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित अग्रिम चौकियों और रिहायशी इलाकों को लगातार निशाना बना रही है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा हो गया है।