राष्ट्रीय
शहीद दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को दी श्रद्धांजलि
By Deshwani | Publish Date: 23/3/2019 12:16:34 PMनई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज शहीद दिवस के मौके पर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का आहुती देने वाले भारत माता के वीर सपूत भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका त्याग और संघर्ष हमेशा देश को प्रेरित करता रहेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट संदेश में कहा है, आजादी के अमर सेनानी वीर भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को शहीद दिवस पर शत-शत नमन। भारत माता के इन पराक्रमी सपूतों के त्याग, संघर्ष और आदर्श की कहानी इस देश को हमेशा प्रेरित करती रहेगी। जय हिन्द!
उल्लेखनीय है कि अंग्रेजों ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को लाहौर षड्यंत्र मामले में मौत की सजा सुनाए जाने के बाद 1931 में आज ही के दिन फांसी दी थी। उन्हीं के सम्मान में 23 मार्च को शहीद दिवस मनाया जाता है।
भगत सिंह का जन्म 28 सितम्बर 1907 तत्कालीन पंजाब के जिला लायलपुर के गांव बंगा में एक सिख परिवार में हुआ था। अब यह स्थान पाकिस्तान में है। शिवराम हरी राजगुरू का जन्म 24 अगस्त 1908 को महाराष्ट्र के पुणे में हुआ था। सुखदेव थापर का जन्म 15 मई 1907 को पंजाब के लुधियाना में हुआ था।