अंतरराष्ट्रीय
प्रशांत किशोर का जदयू में बढ़ा कद, बनाए गए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
By Deshwani | Publish Date: 16/10/2018 3:16:49 PMपटना। रणनीतिकार के तौर पर चाणक्य कहे जाने वाले प्रशांत किशोर को जदयू के अध्यक्ष व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया है। इस नियुक्ति से किशोर एक तरह से पार्टी में दूसरे सबसे ताकतवर नेता बन गए हैं।
चुनावी रणनीतिकार के रूप में कई पार्टियों के लिए काम कर चुके किशोर 16 सितंबर को पटना में हुई जेडीयू कार्यकारिणी की बैठक में बिहार की सत्ताधारी पार्टी जदयू में शामिल हुए थे। किशोर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी माना जाता है। जदयू प्रवक्ता केसी त्यागी ने बताया कि किशोर की नियुक्ति से पार्टी को अपना जनाधार व्यापक बनाने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि प्रशांत किशोर ने 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के लिए चुनावी रणनीतियां बनाई थीं और इन चुनावों में भाजपा को बड़ी जीत हासिल हुई थी। 2015 के बिहार विधानसभा चुनावों में प्रशांत किशोर महागठबंधन (राजद, जदयू, कांग्रेस) के लिए प्रचार की कमान संभाली थी। इस चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा था।