राष्ट्रीय
मल्लिकार्जुन खड़गे संभालेंगे महाराष्ट्र कांग्रेस के नए प्रभारी महासचिव की कमान
By Deshwani | Publish Date: 22/6/2018 4:00:12 PMनई दिल्ली। कांग्रेस ने लोकसभा में पार्टी के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े को मोहन प्रकाश की जगह महाराष्ट्र के प्रभारी महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत की तरफ से आज जारी बयान में कहा गया कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने खडग़े को महाराष्ट्र का प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तुरंत प्रभाव से हो गयी है।
कांग्रेस ने महाराष्ट्र के प्रभारी महासचिव पद से हटाये गए प्रकाश द्वारा राज्य में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए की गयी कड़ी मेहनत और योगदान की सराहना की है। इसके अलावा पार्टी ने सोनल पटेल, आशीष दुआ और संपत कुमार को सचिव के रूप में खडग़े के साथ महाराष्ट्र की जिम्मेदारी दी है। इन तीनों की नियुक्ति भी तुरंत प्रभाव से लागू हो गयी है। पार्टी ने महाराष्ट्र के प्रभारी सचिव पद से मुक्त किए गए श्योराज जीवन वाल्मीकि और बाला बच्चन के पार्टी को मजबूत बनाने के लिए की गयी कड़ी मेहनत और योगदान की प्रशंसा की है।