राष्ट्रीय
अवसरवादी गठबंधन ने जम्मू कश्मीर को झोंका आग में : राहुल गांधी
By Deshwani | Publish Date: 19/6/2018 7:29:03 PM नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में पीडीपी-भाजपा गठबंधन टूटने के बाद राजनीति गरमा गई है। जहां भाजपा और पीडीपी के बीच आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है तो वहीं कांग्रेस ने भी मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि पीडीपी के अवसरवादी गठबंधन ने जम्मू कश्मीर को आग में झोंका है। उन्होंने कहा कि यह नुकसान राष्ट्रपति शासन में भी जारी रहेगा।
वहीं भाजपा के इस ऐलान के बाद कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पीडीपी के साथ कांग्रेस के सरकार बनाने का सवाल ही नहीं उठता। लेकिन भाजपा पीडीपी सरकार के सिर पर सारी तोहमत मढ़कर भाग नहीं सकती है। इस सरकार में सबसे ज्यादा जवान शहीद हुए। सबसे ज्यादा आतंकी हमले हुए और सीजफायर वॉयलेशन हुआ। पीडीपी नेता रफी अहमद मीर ने कहा कि भाजपा के इस फैसले से हमें आश्चर्य हुआ। हमें इस तरह के कोई संकेत नहीं मिले थे।
बता दें कि भाजपा ने जम्मू-कश्मीर सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया है। अमित शाह ने आज ही दिल्ली में राज्य के सभी बड़े पार्टी नेताओं के साथ बैठक की, जिसके बाद भाजपा ने समर्थन वापस लेने का फैसला किया है। महबूबा मुफ्ती ने भाजपा के ऐलान के बाद राज्यपाल एनएन वोहरा को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।