नई दिल्ली। उत्तर भारत में भीषण गर्मी का सितम जारी है। सूर्यदेव इस तरह कहर बरपा रहे हैं कि लोग घरों में दुबके हुए हैं। लू के थपेड़ों ने आमजन के हाल बेहाल कर दिए हैं। पारे का ऐसा प्रचंड प्रहार देश ने कभी नहीं देखा। यही नहीं कई इलाके हैं, जहां तापमान 47 डिग्री के पार जा चुका है। लू के थपेड़ों ने बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है।
देश में सबसे ज्यादा हालात खराब हैं दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, विदर्भ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्से इसकी चपेट में हैं। इस साल अब तक राजस्थान का करौली में कल सबसे अधिक गर्म दिन रहा। यहां पारा 47 डिग्री के पार पहुंच गया। गर्मी के तीखे तेवर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पिछले 8-10 दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल है। राजस्थान के करौली शहर का तापमान 47 डिग्री तक पहुंच गया। वातावरण में आर्दता मात्र 4 प्रतिशत और अल्ट्रा वाइलेट किरणों का सूचकांक भी अपने चरम पर होने से लोगो को गर्मी का अहसास अधिक हुआ।
पिछले 8-10 दिनों से दिन निकलने के साथ ही सूरज की तेज किरणें पड़ने लगती हैं ओर सुबह 10 बजे तक तो गर्मी पूरे चरम पर पहुंच जाती है। बाहर आने जाने वाले लोग तेज धूप से लोग परेशान रहे। कल छुट्टी के दिन होने के कारण भी लोग अधिकर आवश्यक काम के लिए ही बाहर निकले, लेकिन आज लोगों को भीषण गर्मी में ही बाहर निकलना पड़ रहा है। आज मौसम का सबसे गर्म दिन होने के कारण दोपहर में गर्म हवा के थपेड़ों ने बेचैनी बढ़ा दी।
दिनभर यातायात से आबाद रहने वाली शहर की सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहता है। बाजारों में भी दोपहर में कम और शाम को अधिक भीड़ नजर आती है। लोग जरूरी काम होने पर ही सर पर कपड़ा रख दोपहर में घरों से बाहर निकलते हैं। तापमान अधिक बढ़ने से दोपहर के समय कूलर पंखे भी गर्म हवा फेंकने लगे हैं।