राष्ट्रीय
मोदी सरकार कर रही आबे का राजनीतिक इस्तेमाल : कांग्रेस
By Deshwani | Publish Date: 14/9/2017 10:51:04 AMनई दिल्ली। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार जापान के प्रधानमंत्री शिंजोआबे की सरकारी यात्रा का इस्तेमाल गुजरात में चुनावी लाभ अर्जित करने के लिए कर रही है।
कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता मनीष तिवारी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आबे सरकारी यात्रा पर भारत आए हैं। जापान से भारत का पुराना संबंध है। आबे को देश की राजधानी दिल्ली बुलाया जाना चाहिए था लेकिन मोदी सरकार को उनकी यात्रा का चुनावी फायदा लेना है इसलिए गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनकी अगवानी वहां की गयी है।
गौरतलब है कि आबे दो दिवसीय गुजरात यात्रा पर टोक्यो से विशेष विमान से सीधे गुजरात के अहमदाबाद पहुंचे हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रोटोकॉल तोड कर खुद हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की तथा उसके बाद दोनों नेता खुली जीप में करीब आठ किलोमीटर लंबे एक भव्य रोड शो पर निकले।