झारखंड
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में होने वाले चुनाव की तैयारी हुई पूरी
By Deshwani | Publish Date: 6/12/2019 5:24:01 PMझारखंड। झारखंड में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कल होने वाले चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। इस चरण में सात ज़िलों की बीस सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सराय केला-खरसावां, रांची, खूंटी, गुमला और शिमोगा ज़िले शामिल हैं। 47 लाख से अधिक मतदाता 29 महिलाओं सहित 260 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा। सुरक्षा कारणों से 18 सीटों पर मतदान सायं तीन बजे समाप्त हो जाएगा। जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी सीट पर सायं पांच बजे तक वोट डाले जा सकेंगे।
मतदान अधिकारी अपने बूथों पर पहुंचना शुरू हो गये हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक मतदान कराने के लिये 24 हज़ार से अधिक मतदानकर्मी और 42 हज़ार से अधिक सुरक्षा कर्मी लगाये गए हैं। केंद्रीय सुरक्षा बल और जिला पुलिस के जवान सभी मतदान केंद्रों पर तैनात किए गये हैं। इस चरण में मुख्यमंत्री रघुवर दास प्रमुख उम्मीदवार हैं।
झारखंड में सभी दिव्यांग जन और अस्सी साल से ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों को वोट डालने जाने के लिये यातायात सुविधा दी जाएगी। झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार चौबे ने कहा कि पिछले चरण की तरह चुनाव आयोग ने कल मतदान होने वाले सभी क्षेत्रों में और अगले सभी चरणों में मतदान के दौरान इस तरह की सुविधा देने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि महिला मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए सखी मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जिनमे सभी मतदानकर्मी महिला होंगी।