रांची। झारखण्ड में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। इस चरण में सात जिलों के 20 विधानसभा क्षेत्रों में शनिवार को मतदान होगा। मतदान पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, गुमला और सिमडेगा जिलों में होगा। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री रघुबर दास, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अनेक चुनावी रैलियों को सम्बोधित करेंगे।
झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, झारखण्ड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन के प्रमुख सुदेश कुमार महतो और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव की भी कई जनसभाएं हैं। आकाशवाणी संवाददाता ने बताया है कि इस चरण में सभी राजनीतिक दलों ने जल, जंगल और ज़मीन पर आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता, आरक्षण और रोज़गार के मुद्दे प्रमुखता से उठाए हैं।
जमशेदपुर पूर्व, जमशेदपुर पश्चिम, बहरागोड़ा को छोड़कर 16 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित हैं, जबकि जुगसलाई सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। इस चरण में 29 महिलाओं सहित कुल 260 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन 20 विधानसभा क्षेत्रों में से 18 सीटें नक्सल प्रभावित इलाकों में हैं। सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कुल पांच हज़ार 784 मतदान केन्द्रों में से एक हज़ार 844 केन्द्र संवेदनशील हैं। 81 सदस्यों वाली झारखण्ड विधानसभा के चुनाव पांच चरणों में 30 नवम्बर से 20 दिसम्बर तक संपन्न होंगे। मतगणना 23 दिसम्बर को होगी।