झारखंड
झारखंड विधानसभा चुनाव: बीजेपी के बागी सरयू राय के लिए चुनाव प्रचार कर सकते हैं नीतीश कुमार
By Deshwani | Publish Date: 20/11/2019 4:08:56 PMरांची। जदयू ने झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे भाजपा के बागी वरिष्ठ नेता सरयू राय का समर्थन का ऐलान किया है और यह भी कहा है कि यदि सरजू राय ने अनुरोध किया तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनके लिए चुनाव प्रचार कर सकते हैं।
जदयू के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि जदयू ने फैसला किया है कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जमशेदपुर पूर्वी में चुनाव मैदान में उतरे सरयू राय का पार्टी समर्थन करेगी। यह पूछे जाने पर कि क्या सरयू राय के लिए जदयू अध्यक्ष तथा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनाव प्रचार भी करेंगे, ललन सिंह ने कहा कि यदि सरयू राय ने इसके लिए अनुरोध किया, तो अवश्य ही नीतीश उनके लिए प्रचार करेंगे।
ललन सिंह ने कहा कि सरयू राय की उम्मीदवारी को देखते हुए जदयू ने जमशेदपुर पूर्वी से अपना उम्मीदवार वापस लेने का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा कि जदयू और भाजपा का राजनीतिक गठबंधन सिर्फ बिहार तक सीमित है, लिहाजा दोनों दल देश के अन्य हिस्सों में चुनाव लड़ने के फैसले के लिए स्वतंत्र हैं।
बता दें कि झारखंड में 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच पांच चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। जमशेदपुर पश्चिम से टिकट नहीं मिलने से नाराज सरयू राय ने बागी तेवर अपना लिये हैं और उन्होंने जमशेदपुर पूर्वी से मुख्यमंत्री दास के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है।