झारखंड
बेटियों को गोल्ड मेडल देकर गदगद हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कहा-झारखंड में बेस्ट टैलेंट
By Deshwani | Publish Date: 30/9/2019 5:13:53 PMरांची। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज टीम इंडिया के सबसे सफलतम कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धौनी और तीरंदाज दीपिका कुमारी की तारीफ की। रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कोविंद ने कहा कि धौनी और दीपिका कुमारी पर उन्हें नाज है। उन्होंने रांची विश्वविद्यालय की बेटियों की भी तारीफ की। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रांची विश्वविद्यालय के 33वें दीक्षांत समारोह को आज संबोधित कर रहे थे।
राष्ट्रपति ने 47 लड़कियों को गोल्ड मेडल प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि बेटियां आगे बढ़ रही हैं। खूब पढ़ रही हैं। बेटियों के बेहतरीन प्रदर्शन से भारत के स्वर्णिम भविष्य की झलक मिलती है। उन्होंने कहा कि झारखंड में बेस्ट टैलेंट है, जो राष्ट्रीय फलक पर बेहतर कार्य करेंगे। देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
राष्ट्रपति नें कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिदो-कान्हो की धरती पर आकर गर्व महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि झारखंड में कई संस्थाएं बेहतर काम कर रही हैं। इसमें योगदा आश्रम और रामकृष्ण मिशन ऐसे संस्थान हैं, जहां सभी छात्रों को जाना चाहिए। दीक्षांत समारोह को राष्ट्रपति के अलावा झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी संबोधित किया।