झारखंड
सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 3 नक्सली को किया ढेर, सीआरपीएफ का एक जवान शहीद
By Deshwani | Publish Date: 15/4/2019 10:40:44 AMरांची। झारखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्र गिरिडीह में आज सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां बेल्भा घाट के जंगलों में केंद्रीय रिजर्ब बल ने एक मुठभेड़ में तीन माओवादी को ढेर कर दिया। नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार भी बरामद हुए हैं।
हालांकि इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ का एक जवान भी शहीद हो गया है। जिस जिले में ये मुठभेड़ हुई है वह राजधानी रांची से करीब 185 किलोमीटर दूर है।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जिले के बेलवा घाट इलाके के जंगलों में सुबह उस समय मुठभेड़ हुई जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की सातवीं बटालियन के जवान अभियान चला रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि अभी तक मुठभेड़ स्थल से तीन माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं और उनके पास से एके-47 राइफल, तीन मैगजीन और चार पाइप बम बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में सीआरपीएफ के एक जवान की भी मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बल मुठभेड़ स्थल की छानबीन कर रहे हैं। झारखंड में सात चरण के लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में मतदान होगा।