झारखंड
पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, सर्च ऑपरेशन जारी
By Deshwani | Publish Date: 12/1/2019 3:53:11 PMगिरिडीह। मधुवन थाना क्षेत्र के कुबरी जंगल में आज सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान नक्सली घने जंगलों का सहारा लेकर भाग निकले। वहीं, पुलिस फिलहाल सर्च ऑपरेशन चला रही है। सूत्रों के अनुसार, नक्सली एरिया कमांडर अजय के दस्ते के साथ सुरक्षाकर्मियों की मुठभेड़ हुई थी।
सर्च ऑपरेशन में जिला पुलिस और सीआरपीएफ 154 बटालियन के जवान शामिल हैं। सुबह गुप्त सूचना पर संयुक्त रूप से सुरक्षाबल कुबरी जंगल पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अचानक नक्सलियों की जवानों पर नजर पड़ी और उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में जिला पुलिस और सीआरपीएफ जवानों ने भी फायरिंग की। कुछ देर तक दोनों ओर से फायरिंग जारी रही। इसके बाद नक्सली सुरक्षाबलों को खुद पर भारी पड़ता देख मौके से भाग निकले। पुलिस फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है।