झारखंड
पुलिस के हत्थे चढ़े गैंग रेप का मास्टरमाइंड जोनास तिड़ू और बलराम
By Deshwani | Publish Date: 23/7/2018 11:53:36 AMखूंटी। खूंटी के कोचांग गांव में पांच युवतियों के साथ गैंग रेप का मास्टरमाइंड व पत्थलगड़ी समर्थकों का नेता जॉन जोनास तिड़ू और बलराम समद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जोनास तिड़ू को जमशेदपुर के हाता चौक, बस स्टैंड से पकड़ा है। वहीं, बलराम समद एनएच 75-इ पर स्थित खूंटी के जीवनटोला से गिरफ्तार किया गया है। आइजी नवीन कुमार ने रविवार को खूंटी में बताया कि गैंग रेप की घटना के बाद एसआइटी का गठन किया गया था।
एसआइटी लगातार छापेमारी कर रही थी। पुलिस के दबाव के बाद दोनों महाराष्ट्र भागने का प्रयास कर रहे थे। दोनों किसी वाहन से चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने की योजना में थे। इसकी सूचना मिलने के बाद जमशेदपुर के सीनियर एसपी अनूप बिरथरे, एएसपी अभियान प्रणव आनंद झा, खूंटी एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा, एएसपी अनुराग राज और एसडीपीओ रणवीर सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग टीम का गठन किया गया। टीम ने दोनों को पकड़ लिया।