झारखंड
थाने में संदिग्ध हालत में आरोपी की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
By Deshwani | Publish Date: 18/6/2018 3:55:45 PMरांची। जगन्नाथपुर थाने में कल एक आरोपी की मौत पर आज लोगों ने जमकर किया हंगामा। लोगों ने सिंह मोड़ स्थित कचनार टोली के पास लाश के साथ सड़क जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मृतक के पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए। लोगों का कहना था कि सुनील अपनी पत्नी से मारपीट करता था इसलिए उसे सुधारने के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। उसी शिकायत पर पुलिस ने उसे गत शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। रविवार को जगन्नाथ थाने में संदिग्ध हालत में उसकी मौत हो गई।
प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों तरफ स्कूली बस और अन्य वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बाद में पुलिस ने समझा-बुझा कर लोगों को शांत किया। तत्काल हटिया के डीएसपी ने मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए दस हजार रुपया दिया।
पुलिस के अनुसार सुनील को कल ही गिरफ्तार किया, जबकि पत्नी का कहना है कि गत 15 तारीख को पुलिस ने सुनील को गिरफ्तार किया। पुलिस और मृतक की पत्नी के बयानों के हिसाब से मामला संदेहास्पद नजर आ रहा है। वहीं मौत की जानकारी मिलने पर सिटी एसपी अमन कुमार जगन्नाथपुर थाना पहुंचे और मामले की जांच की।