झारखंड
भाजपा ने कसा तंज, अर्जुन को आगे कर भाजपा पर तीर छोड़ रहा है झामुमो
By Deshwani | Publish Date: 18/6/2018 1:54:59 PMरांची। भाजपा के कद्दावर नेता अर्जुन मुंडा के साक्षात्कार में उठाए मुद्दे को प्रमुख विपक्षी दल झामुमो हर दिन हवा दे रहा है। साक्षात्कार के तीसरे दिन भी झामुमो की ओर से अर्जुन मुंडा की घर वापसी का न्योता दिया गया तो आज भाजपा ने भी झामुमो पर पलटवार किया। आखिर क्यों अर्जुन को आगे कर भाजपा पर तीर छोड़ रहा है झामुमो।
अर्जुन मुंडा के मुख्यमंत्रित्व काल में पहली बार उपमुख्यमंत्री के पद पर बैठकर हेमंत सोरेन ने सत्ता का दांव पेंच सीखा था। आज फिर भाजपा के उसी कद्दावर नेता और कई बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे अर्जुन मुंडा के उठाए मु्द्दों ने झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। एक तय एजेंडे के तहत झामुमो के नेता हर दिन अर्जुन मुंडा द्वारा उठाए मुद्दों को झामुमो का मुद्दा बता रहा है। जिसमें भाजपा के कद्दावर नेता ने आदिवासियों में असंतोष, संवादहीनता, शिड्यूल एरिया विकास समिति को अवैध बतानेवाले और आदिवासी-एससी-ओबीसी के स्टाइपेंड को कम करने गलत करार दिया था।
एक संवाददाता सम्मेलन में झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने अर्जुन मुंडा के बयान को लेकर कसीदे पढ़े तो कल फिर एक बार केन्द्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने अर्जुन मुंडा की घर वापसी होने पर स्वागत की बात कह दी।