झारखंड
रांची की जमीन पर उतरने लगे सितारे, झारखंड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल कल से
By Deshwani | Publish Date: 24/5/2018 12:27:03 PM रांची। झारखंड की राजधानी रांची में एक दिन बाद इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आगाज होने जा रहा है। तीन दिवसीय इस आयोजन में शामिल होने के लिए बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक के सितारे रांची की जमीन पर उतरने लगे हैं। झारखंड, बिहार के प्रतिभावान कलाकारों और निर्देशकों को ऊंची उड़ान भरने के लिए यह फिल्म फेस्टिवल एक मंच प्रदान करेगा। यहां स्थानीय कलाकारों को बॉलीवुड समेत अन्य देशों के अभिनेता, निर्माता, निर्देशकों से मिलने का मौका मिलेगा। वे अपने भविष्य के बारे में उनसे बातें कर सकेंगे।
ऑल झारखंड आर्टिस्ट एंड कल्चरल एसोसिएशन के तत्वावधान में झारखंड में पहली बार इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन हो रहा है। 25, 26 और 27 मई को खेलगांव में आयोजित होने वाले इस विराट समारोह से पहले 21 मई को रांची में एक रोड शो का आयोजन किया गया। रांची यूनिवर्सिटी गेट से अल्बर्ट एक्का चौक तक आयोजित रोड शो में नुक्कड़ नाटक के जरिये यह बताया गया कि झारखंड राज्य बहुत विकसित हो चुका है।
झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल महोत्सव के अध्यक्ष ऋषि प्रकाश मिश्रा ने बताया कि अभिनेत्री और उद्घोषिका शिखा मल्होत्रा रांची पहुंच गयी हैं। गुरुवार शाम तक दो दर्जन से अधिक कलाकार रांची पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि हिंदी सिने जगत के 50 से अधिक कलाकार यहां आ रहे हैं।
झारखंड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल राज्य को अंतरराष्ट्रीय पहचान तो दिलायेगा ही, स्थानीय युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच भी उपलब्ध करवायेगा। तीन दिवसीय इस आयोजन के दौरान फीचर फिल्में, लघु फिल्में और वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया जायेगा। गुणवत्ता के आधार पर इन्हें पुरस्कृत भी किया जायेगा।