झारखंड
यात्रा को लेकर तैयारी में जुटी कांग्रेस
By Deshwani | Publish Date: 16/12/2017 10:42:47 AMरांची, (हि.स.)। रघुवर सरकार की गैर झारखंडी नियोजन नीति में बदलाव करने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस की ओर से तीन जनवरी से यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा 11 जिलों में चलेगी। यात्रा का समापन नौ जनवरी को होगा। इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस की ओर से तैयारी शुरू कर कर दी गई है साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर बैठक भी की जा रही है। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने शनिवार को दी।
प्रवक्ता ने बताया कि गढ़वा में नगर उटारी के बंशीधर मंदिर से यात्रा का शुभारंभ होगा। इस दौरान रामगढ़, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, गोड्डा, देवघर सहित अन्य जिलों में इस यात्रा का समापन होगा। इन जिलों में लोगों को सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ एकजुट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 11 जिलों में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की नौकरियों के लिए दरवाजे बाहरी व्यक्तियों के लिए खोल दिए गए।
कांग्रेस पार्टी पांचवी अनुसूची के तहत 11 जिलों की तरह तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की नौकरियों पर केवल झारखंड के स्थानीय लोगों को ही बहाल करने का समर्थन करती है। शेष 11 जिलों में भी वही व्यवस्था लागू होनी चाहिए। नियोजन नीति में बदलाव की मांग को लेकर निकाली जा रही यात्रा का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इस दिशा में जल्द पहल नहीं करती है, तो प्रदेश कांग्रेस आने वाले दिनों में और उग्र आंदोलन करेगी।