झारखंड
अभियान के तहत 10 हजार कैरी बैग बांटेगा नगर निगम
By Deshwani | Publish Date: 21/11/2017 1:29:52 PMरांची, (हि.स.)। राज्य सरकार ने झारखंड में पॉलीथीन के उपयोग पर रोक लगा दी है जिसे लेकर रांची नगर निगम ने पॉलीथीन मुक्त रांची का अभियान भी छेड़ रखा है। रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने लगातार शहर के बड़े-बड़े शॉपिंग मॉल और रेस्टोरेंट में छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। इस दौरान जहां भी पॉलीथीन का उपयोग करते दुकानदार पाए जा रहे हैं, उन सब से रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम जुर्माना वसूल रही है। इस अभियान से लोगों में जागरुकता आई है।
रांची नगर निगम दुकानदारों के बीच जल्द ही 10 हजार कैरी बैग बांटने की तैयारी कर रहा है। इसे लेकर नगर आयुक्त शांतनु कुमार अग्रहरि ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शहर के विभिन्न दुकानों में 10,000 कैरी बैग बांटा जाए, ताकि लोगों में जागरुकता आए। इससे लोग कैरी बैग उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित तो होंगे ही साथ ही लोगों को यह भी लगेगा कि निगम पॉलिथीन अभियान को लेकर गंभीर है। राजधानी के लालपुर बाजार, नागा बाबा खटाल, किशोरगंज चौक, डेली मार्केट सहित अन्य बाजारों में भी लोग कैरी बैग का उपयोग करते पाए जा रहे हैं। चिकन व मटन की दुकान पर कैरी बैग का इस्तेमाल दुकानदार ग्राहकों को देने के लिए कर रहे हैं। रांची नगर निगम की 11 इंफोर्समेंट शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चला रही है। इंफोर्समेंट टीम रात में भी कई बड़े दुकानों के यहां छापेमारी कर रही है। हालांकि पहले की अपेक्षा लोगों में जागरुकता तो आई है, लोग पॉलीथीन का उपयोग नहीं कर रहे हैं और लोगों को पॉलीथीन उपयोग नहीं करने की सलाह भी दे रहे हैं। इसके अलावा शहर के सब्जी दुकानदार भी कैरी बैग का इस्तेमाल सब्जी बेचने में कर रहे हैं। नगर निगम के 11 इंफोर्समेंट टीम को पांच-पांच लोगों का जिम्मा सौंपा गया है।