झारखंड
पीएम के जन्मदिन को स्वच्छता दिवस के रूप में मनायेंगे: अमित शाह
By Deshwani | Publish Date: 15/9/2017 7:16:28 PMरांची। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज तीन दिन के झारखंड दौरे पर पहुंचे हैं। 15 सितंबर से 17 सितंबर तक वे झारखंड में प्रवास करेंगे और इस दौरान रांची एवं खूंटी में उनके कई कार्यक्रम हैं। एयरपोर्ट पर उतरने के बार अमित शाह ने बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
उन्होंने इस दौरान स्वच्छता अभियान की भी शुरुआत की। अमित शाह ने कहा कि 15 सितंबर से दो अक्तूबर तक केंद्र व देश की कई राज्य सरकारें स्वच्छता पखवाड़ा मना रही है। इस दौरान स्वच्छता पर जोर दिया जायेगा। अमित शाह ने कहा कि इसी बीच हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री का जन्म दिन है। अमित शाह ने कहा कि 17 सितंबर को हम स्वच्छता दिवस मनायेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता दिवस इस संकल्प के साथ मनाया जायेगा कि स्वच्छता ही सेवा है।