झारखंड
रांची में अमित शाह का जोरदार स्वागत
By Deshwani | Publish Date: 15/9/2017 12:38:18 PMरांची। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर आज राजधानी रांची पहुंचे। अमित शाह के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पहुंचने पर मुख्यमंत्री रघुवर दास, उनके मंत्रिमंडल के कई सहयोगियों समेत पार्टी नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। हवाई अड्डे से निकलने के बाद शाह सीधे रांची के बिरसा मुंडा चौक पहुंचे जहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया।
भाजपा अध्यक्ष ने इस दौरान स्वच्छता ही सेवा अभियान का भी शुभारंभ किया। झारखंड में आज से आरंभ हुआ यह अभियान 02 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के माध्यम से स्वच्छता को सबसे बड़ा जनांदोलन बनाने का लक्ष्य रखा गया है। शाह 15 और 16 सितम्बर को भाजपा प्रदेश कार्यालय में ही पार्टी नेताओं से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे और 17 सितम्बर को कई कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद शाम चार बजे दिल्ली रवाना हो जायेंगे। अमित शाह इससे पहले राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, हरियाणा का भी दौरा कर चुके है और इन दौरों के दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता में जीत का मंत्र फूंका है।