अंतरराष्ट्रीय
तालिबान के साथ बातचीत फिर से शुरू हो गई है: डॉनल्ड ट्रम्प
By Deshwani | Publish Date: 29/11/2019 2:45:06 PM नई दिल्ली। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने तालिबान के साथ बातचीत फिर शुरु किए जाने की घोषणा की। श्री ट्रम्प सैनिकों के साथ आभार प्रकट दिवस अवकाश मनाने अफगानिस्तान की अघोषित यात्रा पर कल शाम बगराम वायु सेना केन्द्र पहुंचे। उन्होंने लगभग ढाई घंटे का समय वहां बिताया। राष्ट्रपति ट्रम्प ने सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त किया और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी से भेंट की। उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि तालिबान वार्ता के लिए इच्छुक है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि सितम्बर में गतिरोध के बाद तालिबान के साथ फिर शांतिवार्ता शुरु की गई है। उन्होंने अफगानिस्तान में अमरीकी सैनिकों की संख्या कम कर तेरह हजार से आठ हजार छह सौ तक लाने का संकल्प दोहराया।
श्री ट्रम्प ने 2016 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान युद्ध समाप्त किए जाने का वायदा किया था। 18 वर्ष पहले अफगानिस्तान युद्ध शुरु होने के बाद से अब तक हजारों अफगानी नागरिक और दो हजार चार सौ से अधिक अमरीकी सैनिक मारे गए हैं। तालिबान द्वारा अपने तीन बंदियों के बदले 2016 से बंधक बनाए गए दो पश्चिमी शिक्षाविदों को रिहा किए जाने के कुछ सप्ताह बाद श्री ट्रम्प की अफगानिस्तान यात्रा हुई है।