अंतरराष्ट्रीय
रूस ने कश्मीर मुद्दे पर किया भारत का समर्थन, कहा- भारत ने 370 पर संवैधानिक फैसला लिया
By Deshwani | Publish Date: 10/8/2019 1:22:00 PMमॉस्को। रूस ने एक बार फिर दोस्ती निभाते हुए जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के खत्म करने और केंद्र शासित प्रदेश बनाने के भारत सरकार के फैसले का समर्थन किया है। रूस के विदेश मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी बयान में कहा गया है कि जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे में बदलाव और उसे दो हिस्सों में बांटकर केंद्र शासित प्रदेश बनाने का फैसला भारत ने संविधान के दायरे में रह कर लिया है।
रूस ने उम्मीद जताई कि जम्मू-कश्मीर का मुद्दा भारत और पाकिस्तान में किसी भी तरह से हालात बिगड़ने नहीं देगा। बयान में कहा गया है कि रूस हमेशा भारत-पाक के बीच सामान्य रिश्तों का पक्षधर रहा है और उम्मीद है कि दोनों देश किसी भी विवाद को राजनीतिक और राजनयिक संवाद और द्विपक्षीय तरीकों से सुलझाएंगे।
बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को चीन ने भारत और पाकिस्तान को बातचीत के जरिए उनके विवाद सुलझाने को कहा है। वहीं अमेरिका ने इस मुद्दे पर कहा है कि कश्मीर पर उसकी नीति में कोई बदलाव नहीं आया है। उसने भारत और पाकिस्तान से संयम बरतने और सीधी बातचीत कर आपसी मतभेद दूर करने का आह्वान किया है।