अंतरराष्ट्रीय
यूएई ने उ.कोरिया के नागरिकों को वीजा देना किया बंद
By Deshwani | Publish Date: 13/10/2017 5:04:57 PM
आबू धाबी, (हि.स.)। संयुक्त अरब अमीरात ने उत्तर कोरिया के नागरिकों के लिए वीजा जारी करना बंद कर दिया है और पूर्वी एशियाई देश के साथ राजनयिक संबंधों में कमी कर दी है। यह जानकारी शुक्रवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
उत्तर कोरिया के मिसाइल कार्यक्रम को लेकर जारी विवाद के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने इस आशय घोषणा की है। इससे पहले कुवैत और कतर भी उत्तर कोरिया के साथ ऐसा कर चुके हैं।
सरकार समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम के अनुसार यूएई सरकार ने उत्तर कोरिया में अपने अनिवासी राजदूत और साथ ही अपने यहां उसके अनिवासी राजदूत का मिशन खत्म कर दिया है। साथ ही उत्तर कोरियाई कंपनियों को भी अपने सात अमीरातों में काम करने की मंजूरी नहीं देगी।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की ओर से प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भी उत्तर कोरिया लगातार मिसाइल परीक्षण कर रहा है। कुछ मिसाइलों की रेंज 6700 किलोमीटर बताई गई। इसका अर्थ है कि अलस्का भी इसकी जद में था। हवसांग 14 इंटरकंटिनेंटल मिसाइल के टेस्ट को नॉर्थ कोरिया ने ऐतिहासिक बताया।
उत्तर कोरिया ने फिर 29 अगस्त को जापान के ऊपर से बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी। यह प्रशांत महासागर में जा गिरी थी। दक्षिण कोरिया और जापान की सरकार ने इसकी पुष्टि भी की थी।