मनोरंजन
सरदार उधम सिंह की बायोपिक शुरू करने से पहले विक्की कौशल ने स्वर्ण मंदिर में माथा टेका
By Deshwani | Publish Date: 4/10/2019 6:32:22 PMनई दिल्ली। फिल्म 'उरी : द सर्जिकल स्ट्राइल' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाले एक्टर विक्की कौशल एक बार फिर पर्दे पर एक मिलिट्री ऑफिसर की भूमिका में नजर आने वाले हैं। वह जल्द ही पर्दे पर ऊधम सिंह बने नजर आएंगे। विक्की कौशल इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘सरदार ऊधम सिंह’को लेकर काफी सुर्खियों में हैं। अपनी इस आने वाली फिल्म के लिए विक्की ने काफी मेहनत की है। विक्की कौशल ने ऊधम सिंह के जवानी के किरदार में फिट होने के लिए एक-दो नहीं पूरे तेरह किलो वजन कम किया है।
एक्टर विक्की कौशल ने सरदार उधम सिंह की बायोपिक शुरू करने से पहले अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका। विक्की कौशल की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। फोटो में अभिनेता को स्वर्ण मंदिर में खड़े होकर सिर झुकाते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान विक्की ने सफेद कुर्ता पजामा और सिर पर केसरिया पगड़ी बांध रखी थी। अभिनेता को उनके फैंस ने फिल्म 'सरदार उधम सिंह' के लिए शुभकामनाएं दी है। विक्की कौशल ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर अमृतसर के स्वर्ण मंदिर से एक फोटो शेयर की है। विक्की ने कैप्शन लिखा है-'बाबाजी, मेहर बख्शो। सरदार उधम सिंह शुरू होने जा रही हैं!'
फिल्म की शूटिंग 25 दिन तक अमृतसर में होगी। फिल्म 'सरदार उधम सिंह' क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी उधम सिंह पर आधारित है। फिल्म का पहला शेड्यूल अप्रैल में पूरा हो चुका है। वहीं निर्माता फिल्म का दूसरा शेड्यूल अक्टूबर में पूरा करेंगे। फिल्म की पटकथा रितेश शाह और शुबेन्दु भट्टाचार्य ने लिखी है। शूजित सरकार फिल्म 'सरदार उधम सिंह' के निर्देशक हैं। यह फिल्म अगले साल 2 अक्टूबर को रिलीज होगी। विक्की फिल्म 'भूत पार्ट वन- द हॉन्टेड शिप' और 'तख्त' में नजर आएंगे। इसके अलावा वह मेघना गुलजार की सैम मानेकशॉ की बायोपिक में भी दिखेंगे।